बड़ौत। ट्रांसफार्मर के नाम पर विद्युत निगम द्वारा अवैध उगाही किए जाने के विरोध में पूर्व विधायक और किसानों ने कोताना रोड स्थित एक्सईएन प्रथम कार्यालय पर प्रदर्शन किया। एक्सईएन का घेराव करते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द किसानों का उत्पीड़न नहीं रुका तो आंदोलन किया जाएगा।
बृहस्पतिवार को पूर्व विधायक वीरपाल राठी के नेतृत्व में छपरौली, हेवा, बदरखा, ककौरकला, तुगाना, कुर्डी, टांडा, बड़ौत, बावली, मलकपुर आदि कई गांवों के किसान एक्सईएन प्रथम कार्यालय पर पहुंचे। एक्सईएन प्रथम राजपाल सिंह रविवंशी का घेराव करते हुए नारेबाजी की। पूर्व विधायक वीरपाल राठी ने बताया कि विद्युत निगम नलकूप का कनेक्शन लेने वाले किसानों का खुलेआम उत्पीड़न कर रहा है।
बताया कि यदि कोई किसान नलकूप कनेक्शन के लिए 25 केवीए ट्रांसफार्मर के लिए लगभग 97 हजार जमा कराता है, तो उसी ट्रांसफार्मर से दूसरा कनेक्शन लेने वाले किसान से भी विद्युत निगम 50 फीसदी यानी लगभग 47 हजार रुपये जमा कराता है। यदि तीसरा किसान भी उसी ट्रांसफार्मर से कनेक्शन लेता है तो उसे भी लगभग 47 हजार रुपये जमा करा लेता है। विद्युत निगम इसी तरह किसानों से ठगी कर रहा है, जबकि नियमानुसार यह गलत है।
बताया कि जब एक किसान संपूर्ण जमा योजना के तहत एक ट्रांसफार्मर की पूरी धनराशि जमा करा देता है, तो फिर उसी ट्रांसफार्मर कनेक्शन लेने वाले किसानों से क्यों उगाही की जा रही है। कहा कि यह राशि विभाग की बजाय ट्रांसफार्मर की पूरी धनराशि जमा करने वाले किसानों को मिलनी चाहिए। मौके पर विवेक चौहान, ज्ञानेंद्र, सुभाष, प्रमोद, इकबाल, प्रेमपाल, हरवीर, सुरेंद्र, जयवीर मौजूद रहे।