टीकरी के मुख्य मार्ग पर भरा दूषित पानी
- फोटो : BAGHPAT
दोघट (सहारनपुर)। कस्बा टीकरी में नाला बंद होने से पानी की निकासी नहीं हो रही है। तालाब का गंदा पानी गली में भर गया है, जिससे कस्बे के काफी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
कस्बे के तालाब का पानी नाले से होकर निकलता है। नाला काफी समय से बंद पड़ा है। जिससे कस्बे के तालाब के पानी की निकासी नहीं हो रही है। तालाब के गंदे पानी से गली में जलभराव हो गया है। जलभराव और गंदगी के कारण कस्बे के एक दर्जन परिवारों को परेशानी उठानी पड़ रही है। जलभराव और कीचड़ के कारण मच्छरों की तादाद बढ़ रही है, जिससे लोगों को संक्रमण का डर सता रहा है। लोगों का कहना है कि कई बार नगर पंचायत में शिकायत की जा चुकी है, मगर समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। बृहस्पतिवार को कस्बे के लोगों ने प्रदर्शन कर जलभराव की समस्या का जल्द समाधान कराने की मांग की। उन्होंने समस्या का समाधान नहीं होने पर धरने की चेतावनी दी। इस मौके पर कृष्णपाल, वेदपाल, जयपाल, सुंदर, लालू, सुभाष, देवेंद्र, मनोज,, वीरपाल सोमपाल, धर्मवीर, धारा, राजवीर मौजूद रहे।