बागपत। नया गांव हमीदाबाद के ग्रामीणों ने बीडीओ से शिकायत कर तालाब की सफाई व मार्ग को ठीक कराने की मांग की। उनको जल्द ही समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया।
नयागांव हमीदाबाद के ग्रामीणों ने बताया कि उनके घरों के पास तालाब है, जिसकी सफाई नहीं कराई जा रही है। कई गलियों के खड़ंजों का निर्माण तीन साल से नहीं हुआ है और वह टूटने के कारण पानी भरा हुआ है। जलभराव में मच्छर पैदा हो रहे हैं और बीमारी फैल रही है। इससे ग्रामीण बीमार हो रहे हैं। प्रधान उनसे चुनावी रंजिश रखती हैं और कार्य कराने से मना कर रहीं हैं। उन्होंने बीडीओ से शिकायत कर मार्ग निर्माण व तालाब सफाई कराने की मांग की। इस दौरान रवि कुमार, विकास कुमार, दीपू, अशरफी देवी, विरेंद्र कुमार, रामफूल, रोहित कुमार, अरुण मानव, सुभाष, यश, सचिन कुमार मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने रास्तों का निर्माण कराने के लिए कभी नहीं कहा है। तालाब की सफाई के लिए कुछ लोग बाधा बने हुए हैं और रात में तालाब को सबमर्सिबल चलाकर भर देते हैं। ऐसे में तालाब का पानी खड़ंजों पर आता है। ग्रामीण उन्हें बदनाम करने के लिए अधिकारियों से शिकायत कर रहे हैं। - अंजलि चौधरी, प्रधान नयागांव हमीदाबाद