खेकड़ा। सिंचाई विभाग की लापरवाही के कारण मीतली रजबहे की साफ सफाई नहीं कराई जा रही है। गंदगी से अटे पड़े रजबहे में पानी भी नहीं छोड़ा जा रहा है। खरपतवार से अटा होने के कारण रजबहा नाली में तब्दील होकर रह गया है।
इस रजबहे से खेकड़ा, फखरपुर, गोठरा, घिटोरा, बसी, सुन्हैड़ा आदि गांवों के किसानों की हजारों बीघा भूमि की सिंचाई होती है। किसान काफी समय से सिंचाई विभाग एवं प्रशासनिक अधिकारियों से रजबहे की सफाई, जर्जर हाल पटरियों की मरम्मत कराकर पानी छोड़े जाने की मांग करते आ रहे हैं। अभी तक समस्या का निदान नहीं कराया गया।
किसान देशपाल, नरेंद्र, तेजपाल, देवेंद्र, महेंद्र, पप्पू, बिजेंद्र आदि ने एसडीएम से जल्द ही समस्या का निदान कराए जाने मांग की। एसडीएम अपूर्वा यादव का कहना है कि सिंचाई विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर जल्दी ही समस्या का निदान कराया जाएगा।