बागपत। किसानों की समस्याओं की मांग को लेकर बुधवार को रालोद के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने डीएम से गन्ना क्रय केंद्रों पर नियमित तौल कराने व किसानों के बकाए का भुगतान कराने की मांग की। रालोद जिलाध्यक्ष डॉ जगपाल तेवतिया के साथ कलक्ट्रेट पहुंचे पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का कहना था कि जिले में गन्ना क्रय केंद्रों पर नियमित तौल नहीं कराई जा रही है। गन्ने की तौल न होने के कारण गेहूं की बुआई में देरी हो रही है। किसानों को पशुओं का चारे की व्यवस्था करने के लिए परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। इसके अलावा क्रय केंद्रों पर घटतौली की शिकायत मिल रही है। मिलों ने किसानों के पुराने बकाए का भुगतान नहीं किया है, जिससे किसान आर्थिक संकट से जूझ रहा है। उन्होंने किसानों की समस्याओं का समाधान कराने के लिए नियमित तौल कराने, घटतौली करने पर कार्रवाई करने और बकाए का भुगतान कराने की मांग की। इस मौके पर राष्ट्रीय सचिव सुखबीर सिंह गठीना, नीरज पंडित, नानक चंद शर्मा मौजूद रहे।