चांदीनगर। चमरावल-धौली प्याऊ मार्ग की सड़क में जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। जिस कारण लोगों को आवागमन करने में परेशानी हो रही है। गौना और सिंगोली तगा के ग्रामीणों ने मार्ग का निर्माण कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने कहा कि सड़क का 12 साल से निर्माण नहीं हुआ है। सड़क जर्जर हो चुकी है। गड्ढों के कारण वाहन खराब हो रहे हैं और लोग चोटिल भी हो रहे हैं। मार्ग खराब होने से सबसे अधिक परेशानी दूसरे शहरों में पढ़ाई के लिए जाने वाले छात्राओं को नौकरीपेशा लोगों को उठानी पड़ रही है। अक्तूबर में गन्ना मिल शुरू होने की संभावना है, जिससे किसानों को गन्ने की ढुलाई करने में भी परेशानी उठानी पड़ेगी।
कई बार अधिकारियों से सड़क की मरम्मत और निर्माण कराने की मांग की जा चुकी है, मगर समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है।
बृहस्पतिवार को ग्रामीणों ने सड़क का निर्माण कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। मौके पर हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष विकाश प्रधान, राजू, सौरभ, राकेश, सुनील त्यागी, राहिल चौधरी, कासिम अली, दीपक, मुकेश, सोनू मौजूद रहे।