बिनौली। बड़ौत मेरठ मार्ग पर डेरा सच्चा सौदा आश्रम बरनावा के पास स्थित कृष्णा नदी का पुल अत्यधिक जर्जर हाल में है। पुल की दोनों ओर की रेलिंग भी टूटी पड़ी है। पुल के निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते प्रदर्शन किया।
कृष्णा नदी पर बना पुल पुराना और जर्जर होने से वाहन चालकों को बड़ा हादसा होने का डर बना रहता है। ग्रामीणों ने बताया कि लोक निर्माण विभाग पुल के पास पुल क्षतिग्रस्त होने का बोर्ड लगाकर आंखें मूंदकर बैठा है। बुधवार को बिनौली, बरनावा गांव के ग्रामीण व वाहन चालकों ने पुल पर लोक निर्माण विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। पुल को ठीक न करने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है। मौके पर प्रधान उपेंद्र धामा, राजू तोमर, सिरसली, श्रीपाल धामा, आशीष तोमर, केतन कुमार, अजीत सिंह, विनीत धामा, देवेंद्र चौहान, इकबाल, सुरेश, अजय आदि शामिल रहे।