बड़ौत। लुहारी गांव की रहने वाली बिमलेश अपने परिवार के लोगों के साथ मंगलवार को तहसील पहुंची। उन्होंने बताया कि उसकी पुत्री प्रीति की शादी 14 जनवरी 2018 को संदीप निवासी खामपुर के साथ हुई थी। शादी के दो साल बाद संदीप दूसरी शादी करने के फिराक में था, जिसे प्रीति ने तुड़वा दिया था। इसी का बदला लेने के लिए संदीप व उसके परिजनों ने तीन माह पहले खत्री गढी में प्रीति को फांसी लगाकर जान से मार डाला था। इस मामले में मृतका के भाई रवि ने पति, सास, ससुर समेत पांच लोगों के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने आरोपी पति को तो गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मगर, अभी तक अन्य चारों आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई है। उन्होंने अन्य आरोपियों की भी जल्द गिरफ्तारी की मांग की। इस अवसर पर आजाद, देवेंद्र, प्रमोद, अंकित, रमेश, नीटू शामिल रहे।