बागपत। छत्रसाल स्टेडियम में पहलवान सागर धनखड़ की पीटकर हत्या करने के मामले में फरार चल रहे 50-50 हजार रुपये के इनामी आरोपियों को दिल्ली पुलिस बालैनी क्षेत्र से गिरफ्तार कर ले गई। मगर बागपत पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। दोनों इनामी बालैनी क्षेत्र में मजदूर बनकर छिपे हुए थे।
दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में मई 2021 में सोनीपत के रहने वाले पहलवान सागर धनखड़ की पीटकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने ओलंपिक मेडलिस्ट पहलवान सुशील कुमार सहित 18 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि फरार चल रहे हत्यारोपी अंकित डबास व जोगिंदर पर दिल्ली पुलिस ने 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया था।
जिनकी तलाश में दिल्ली पुलिस जगह-जगह दबिश दे रही थी। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बृहस्पतिवार को सागर हत्याकांड में फरार दोनों हत्यारोपियों को गिरफ्तार किया। दिल्ली पुलिस ने दावा किया है कि दोनों आरोपियों को बागपत के बालैनी से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी अंकित डबार व जोगिंदर बालैनी क्षेत्र में मजदूर बनकर छिपे हुए थे।
जिन्हें मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर लिया। वहीं बागपत पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। इस मामले में बालैनी थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह का कहना है कि दिल्ली पुलिस द्वारा इनामी को पकड़कर ले जाने का मामला जानकारी में नहीं है। दिल्ली पुलिस ने उनसे कोई संपर्क नहीं किया।