संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। गुराना रोड पर दोस्त के घर मिठाई देने जा रहे दो युवकों पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने एक युवक को चाकू से वार करके गंभीर रूप से घायल कर दिया। वहीं, दूसरे के सिर पर लाठी-डंडे से वार कर दिया। पुलिस ने तहरीर मिलने पर जांचकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
गुराना रोड गली नंबर आठ निवासी मयंक पुत्र ब्रजेश व मुरली पुत्र रूपेश सोमवार देर शाम अपने दोस्त को दीपावली की मिठाई देने जा रहे थे। इस दौरान रास्ते में दो पक्षों में किसी बात को लेकर चल रहे झगड़े को देख रुक गए तथा बीच-बचाव करने लगे। इसी दौरान सात-आठ युवकों ने उन्हें घेर लिया। उन्होंने मयंक के सिर पर लाठी-डंडे से वार कर दिया। मुरली उसे बचाने लगा तो युवकों ने चाकू से पेट व गर्दन पर वार कर दिया।
हमलावर शोर होने पर लोगों को अपनी ओर आता देख फरार हो गए। युवकों को लहूलुहान देख आसपास के लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। सीएचसी से गंभीर हालत में मुरली को नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इस मामले में घायलों के परिजनों ने कोतवाली में तहरीर दी है। वहीं, सीओ युवराज सिंह का कहना है कि जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।