हेवा गांव में राहुल की मौत के बाद विलापकरते परिजन। संवाद
बागपत, छपरौली। हेवा गांव में डाक विभाग कर्मी का शव पेड़ पर फंदे पर लटका मिला। जिसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के परिजनों ने हत्या कर शव पेड़ पर लटकाने की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग की। उधर पुलिस मामले की जांच में जुट गई।
हेवा गांव निवासी राहुल (25) दिल्ली रेलवे स्टेशन पर डाक विभाग में प्राइवेट नौकरी करता था। उसकी वहां रात की ड्यूटी चल रही थी। बताया कि बृहस्पतिवार की शाम राहुल ड्यूटी के लिए घर से निकला था और ग्रामीणों को रेलवे स्टेशन पर भी मिला। लेकिन शुक्रवार की सुबह राहुल का शव गांव में ही पेड़ पर फंदे पर लटका मिला। जिसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को नीचे उतारा। उसके परिवार वालों ने हत्या के बाद शव पेड़ पर लटकाने का आरोप लगाया। परिजनों ने बताया कि राहुल की शादी छह महीने पहले मांडी गांव की युवती से हुई थी। इस मामले में थाना प्रभारी रवि रतन सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।