बागपत। नगर में चमरावल रोड पर महिला थाने के पास पेड़ पर युवक का शव लटका हुआ मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं परिजनों ने हत्या करके गले में फंदा लगाकर शव पेड़ से लटकाए जाने की आशंका जताई है।
चमरावल रोड पर महिला थाने के पास पेड़ पर सोमवार को एक युवक का शव फंदे पर लटका हुआ देखकर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पहुंचकर शव को उतारा और उसकी शनाख्त कराई। युवक की पहचान नरेश (32) पुत्र विजे सिंह निवासी गायत्रीपुरम कालोनी के रूप में हुई। उसके भाई पवन ने बताया कि नरेश काफी समय से खेकड़ा की फैक्टरी में सिलाई का काम करता था और उससे ही परिवार का गुजारा होता था। वह सोमवार सुबह घर से किसी काम से गया था। पवन ने नरेश की हत्या करके शव पेड़ पर लटकाने की आशंका जताई। पवन ने बताया कि मृतक नरेश की तीन बेटियां हैं। इस मामले में थाना प्रभारी का कहना है कि शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार कार्रवाई की जाएगी, जांच की जा रही है। संवाद