बागपत। वीडीओ को ब्लॉक में बैठाकर वेतन देने पर डीडीओ ने नाराजगी जताई। डीडीओ ने पत्र जारी जारी करके डीपीआरओ को जल्द कलस्टर खाली कराने और बीडीओ को सूचना भेजकर वीडीओ की नियुक्ति कराने के निर्देेश दिए। इसके साथ ही तीन दिन में स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए।
डीडीओ (जिला विकास अधिकारी) विद्यानाथ शुक्ल ने बताया कि वीडीओ (ग्राम विकास अधिकारी) सुधीर पंवार, प्रवेंद्र सिंह को बिनौली ब्लाक, वीडीओ संदीप कुमार को बागपत ब्लाक, वीडीओ सतीश कुमार को पिलाना ब्लाक में संबद्ध किया है। जिन्हें कलस्टर आवंटित करने के बजाय खाली बैठाकर वेतन दिया जा रहा है। जबकि ग्राम्य आयुक्त विकास उत्तर प्रदेश ने किसी भी कर्मचारी को कार्यालय में संबद्ध कर कार्य न कराने के आदेश जारी कर रखे हैं।
वीडीओ को खाली बैठाकर वेतन देने पर डीडीओ ने नाराजगी जताते हुए जल्द उन्हें कलस्टर आवंटित करने के निर्देश दिए। वहीं वीडीओ को ब्लॉक से संबद्ध करने के मामले में तीन दिन में स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं।
पंचायत सचिवों को भी खाली बैठाकर दिया जा रहा वेतन
जिले में वीडीओ (ग्राम विकास अधिकारी) के अलावा पंचायत सचिवों को भी खाली बैठाकर वेतन दिया जा रहा है। जो कई महीनों से कार्यालयों में संबद्ध है। जिससे ग्राम पंचायतों के विकास कार्य भी प्रभावित होते दिख रहे हैं तो अन्य ग्राम पंचायत सचिवों पर कई गांवों के कलस्टर आवंटित हैं।