दोघट। सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह ने सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की अध्यक्ष अलका उपाध्याय को पत्र भेजा। जिसमें दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर पर हिम्मतपुर सूजती-दोघट मार्ग पर टीकरी पुलिस चौकी के पास कट देने की मांग की है।
सांसद ने अपने पत्र में लिखा है कि चौगामा क्षेत्र के किसान दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर पर हिम्मतपुर सूजती-दोघट मार्ग पर टीकरी पुलिस चौकी के पास कट की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं। ग्रामीणों की मांग के अनुसार इस स्थान पर कट दिया जाना बहुत जरूरी है। दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के निर्माण के बाद न केवल इस रूट पर चलने वाले यात्रियों को लाभ होगा, साथ ही आर्थिक रूप से कृषि पर निर्भर जिले के विकास में भी कॉरिडोर की अहम भूमिका होगी। चौगामा क्षेत्र के निरपुड़ा गांव में बड़े स्तर पर कंबल उद्योग है।
गांव से रोजाना दो से तीन लाख दर्री का निर्माण किया जाता है और टीकरी व दाहा में धागे, भड़ल में चमड़ा व बराल में मिट्टी के बर्तनों का उद्योग है। दिल्ली-देहरादून ग्रीन फील्ड इकोनॉमिक कॉरिडोर पर हिम्मतपुर सूजती-दोघट मार्ग पर टीकरी पुलिस चौकी के पास कट देने से चौगामा क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी। क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और लगभग 25 से 30 गांव के ग्रामीणों को इसका लाभ मिलेगा।
----
हर मोर्चे पर विफल हो रही सरकार
दोघट। रालोद नेता सुखबीर सिंह गठीना ने कहा कि सरकार हर मोर्चे पर विफल है। किसानों का गन्ना मिलों पर करोड़ों बकाया भुगतान अटका हुआ है। सरकार की निजी मिल मालिकों के साथ सांठगांठ कर चल रही है। टीकरी-सूजती चौराहे पर किसान दो माह से धरना दे रहे हैं, मगर किसानों की समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। उन्होंने बृहस्पतिवार को दाहा, दोघट, टीकरी, मुलसम गांवों में नुक्कड़ बैठक की। उन्होंने दोघट में भाकियू नेता राजेंद्र चौधरी के आवास पर उनके पिता शिवकुमार के निधन पर शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी। मौके पर राममेहर, रब्बान खां, राजू तोमर सिरसली, नितिन पंवार, पप्पू मुखिया, संजय पंवार, सुरेश पंवार, राजकुमार अहलावत मौजूद रहे।