बागपत जिला अस्पताल में भीड़ के कारण फर्श पर बैठे मरीज
- फोटो : BAGHPAT
बागपत। मौसम में बदलाव आने से लोगों को वायरल बुखार जकड़ रहा है। जिस कारण बागपत में जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ रही है। बुधवार को अस्पताल में मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण इलाज कराने के लिए आए मरीज फर्श पर बैठने को मजबूर हो गए।
पिछले कुछ दिनों से मौसम में आ रहे बदलाव के साथ ही जुकाम, खांसी और वायरल बुखार के मरीज बढ़ रहे हैं। बुधवार को जिला अस्पताल में मरीजों की काफी भीड़ रही। पंजीकरण काउंटर से लेकर चिकित्सकों के कक्ष के बाहर मरीजों की भीड़ लगी रही। इनमें एक हजार नई ओपीडी हुई। भीड़ अधिक होने के कारण जिला अस्पताल में मरीजों को बैठने के लिए जगह नहीं मिली। जगह न मिलने पर मरीज फर्श पर ही बैठ गए।
सीएमएस डॉ. एसके चौधरी ने बताया कि मौसम में आ रहे बदलाव से वायरल बुखार के मरीज बढ़ रहे हैं। जिला अस्पताल में आने वाले अधिकांश मरीज खांसी, जुकाम और बुखार से पीड़ित हैं।