राहुल खट्टा के साथी एवं 12 हजार रुपये के इनामी जाहिद उर्फ लंबू को पुलिस ने बिनौली क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पिछले चार वर्षों से फरार चल रहा था और लगातार हत्या, लूट, डकैती और चोरी की घटना को अंजाम दे रहा था।
जाहिद उर्फ लंबू मूलरूप से निरपुड़ा का रहने वाला है। आरोपी वर्ष 2013 से फरार चल रहा था। पहले मोस्टवांटेड रह चुके राहुल खट्टा के साथ मिलकर अपराध करता था। क्राइम ब्रांच और बिनौली पुलिस ने बिनौली क्षेत्र में उसकी घेराबंदी की।
पुलिस ने उसको पकड़ने का प्रयास किया तो उसने पुलिस पर गोली चला दी। पुलिस वालों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए उसको दबोच लिया। पुलिस को पता चला है कि जाहिद के पास हथियारों का जखीरा है।
पुलिस उनको बरामद करने और उसकी प्रॉपर्टी का पता लगाने में लगी हुई है। वह बागपत के अलावा मेरठ, शामली, गाजियाबाद और पंजाब में छिपता था। जाहिद के खिलाफ बागपत कोतवाली में ही 15 मुकदमे दर्ज है।
पुलिस के जाल में फंस गया जाहिद
बागपत। जाहिद ने अपने साथियों के साथ दो माह के अंदर ही पांच-छह डकैती की वारदात कर दी थी। तभी से यह गैंग पुलिस के टारगेट पर आ गया था। पुलिस ने उसके छह-सात साथियों को गिरफ्तार कर लिया था। जबकि दो साथियों ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। इसी से जाहिद का नेटवर्क टूट गया था। इसी का फायदा उठाकर पुलिस ने उसे पकड़ा।