बागपत के पक्काघाट में साधू के साथ लूटपाट व झोपड़ी आग लगाए जाने का विरोध करते लोग व पीड़ित साधू
- फोटो : amar ujala
बागपत। शहर के यमुना घाट पर साधु को जिंदा जलाने के प्रयास का मामला सामने आया है। आरोप है विशेष समुदाय के दो युवकों ने मंगलवार रात उनके साथ मारपीट कर करीब दो हजार रुपये लूटने के बाद झोपड़ी में आग लगा दी। उन्होंने भागकर किसी तरह जान बचाई। इसके विरोध में लोगों ने हंगामा किया। बाद में पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी।
बालैनी निवासी साधु जमना नाथ पिछले एक साल से शहर के यमुना घाट पर स्थित बाबा की समाधि पर रहते हैं। उसका कहना है कि मंगलवार की रात में करीब साढ़े 10 बजे शहर के ही विशेष समुदाय के दो युवक वहां पर पहुंचे और उनसे मारपीट कर रुपये छीनने लगे। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की। उनसे दो हजार रुपये नगद लूट लिए। बाद में उनकी झोपड़ी में आग लगाई। उन्होंने भागकर जान बचाई। शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठे हो गए। सभी ने मिलकर आग बुझाई, लेकिन तब तक सभी सामान जल चुका था। इसके विरोध में लोगों ने हंगामा किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। पुलिस आरोपी के परिवार के एक व्यक्ति को कोतवाली ले आई। कोतवाल अरुण कुमार द्विवेदी ने कहा आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
आरोपी लगातार तीन दिन से कर रहे थे मारपीट
बागपत। पीड़ित ने कहा आरोपी युवक पिछले तीन दिन से वहां पर आकर उनके साथ मारपीट कर रहे थे। आरोपियों ने धमकी दी कि पुलिस से शिकायत की तो जान से मार दिया जाएगा।
पांच साल पहले जिंदा जलाया था महाराज
बागपत। यमुना घाट पर ही पांच साल पहले साधु इतवार गिरि महाराज को जिंदा जला दिया था। वे वहां पर झोपड़ा में रहते थे। इसको लेकर लोगों ने काफी हंगामा किया था।
आरोपियों के परिजन मांग रहे साधु से माफी
बागपत। पुलिस के घर पहुंचते ही आरोपियों के परिजन टेंशन में आ गए। आरोपियों के परिवार की महिला और पुरुष सदस्य साधु से गलती मान रहे हैं। दो महिलाएं तो कोतवाली में ही साधु से माफ करने की गुहार लगने लगी।