सावधान होकर घर से निकलिएगा। जनपद में कई सड़कें बदमाशों के निशाने पर हैं। अपराधियों के प्लान के सामने खाकी फेल साबित हो रही है। दिन दहाड़े हरचंदपुर-बंदपुर मार्ग पर कई घटें तक तांडव मचाकर बदमाशों ने पुलिस की कलई खोल दी।
पुलिस ने चैन की सांस भी नहीं ली थी कि नैथला मोड़ पर कब्जा कर खट्टा गैंग ने उत्पात मचा दिया। सोमवार को दिन दहाड़े रमाला क्षेत्र के सूप में महिला से 28 हजार रुपये लूटकर बदमाशों ने पुलिस सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल है आखिर कप्तान की पुलिस कहां तैनात है।
गोकश बन गए चुनौती
एक तरफ पुलिस थानों में शांति समिति की बैठक ले रही है और दूसरी तरफ थाने और चौकी के आसपास ही गोकशी के मामले पकड़े जा रहे हैं। बड़ौत में गोकशी का सच खुला तो डीएम और एसपी भी मौके पर पहुंचे थे। भाजपा इस मसले पर आंदोलन कर रही है।
महिलाओं पर बढ़े अत्याचार
अकेले जून माह में महिलाओं पर ताबड़तोड़ अपराध हुए हैं। गल्हेता में मां-बेटी पर हमला कर अभद्रता का मामला सामने आया। खेकड़ा में भाभी से दुष्कर्म का मामला गरमाया। सोमवार को ही महिलाओं ने कोतवाली में हंगामा कर परिवार के भतीजों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया।
यह रास्ते हैं खतरनाक
दिल्ली-सहारनपुर हाईवे से जुड़ा नैथला मोड़, सरूरपुर के निकट सूजरा मार्ग, लधवाड़ी मार्ग, हरचंदपुर मार्ग, महनवा मार्ग, दिल्ली रोड पर रीवर पार्क के पास, बसौद नहर के पास, मीतली रोड ऐसे प्वाइंट हैं, जो बदमाशों के निशाने पर रहते हैं। बली मार्ग लूट के लिए कुख्यात रहा हैं।
बैंक और एटीएम भी निशाने पर ः बदमाश बैंक और एटीएम के आसपास भी सक्रिय हैं। पुलिस के तमाम दावों के बावजूद इन जगहों पर अब तक कई बड़ी वारदातें हो चुकी है। सूप से महिला में लूट इसका ताजा उदाहरण है।