सांकरौद गांव के खाप पंचायत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस गांव के कुछ लोगों का आरोप है कि दलित परिवार के आरोपी सिपाही ने खुली धमकी दी कि हमें कोई जेल नहीं भेज सकता।
इसके लिए गांव के लोगों ने हस्ताक्षर अभियान चलाया है। इनमें 250 लोग साइन कर चुके हैं। इस मामले को लेकर बृहस्पतिवार को (आज) लोग एसपी से भी मिल सकते है।
गांव के समाजसेवी वेदपाल सिंह का आरोप है कि आरोपी सुमित बुधवार को बाइक पर गनर को साथ लेकर घूमा। इस दौरान उसने कहा कि उनके खिलाफ कोई मुकदमा दर्ज नहीं है। उनके खिलाफ झूठा प्रचार किया जा रहा है। आरोप है कि सुमित ने कहा कि उन्हें कोई गिरफ्तार नहीं कर सकता है।
इतना ही नहीं आरोपी धर्मपाल (सुमित का पिता) भी खुलेआम घूम रहा है और धमकी दे रहा है। जिन लोगों के सामने आरोपी बाइक पर घूमा और धमकी दी। ऐसे लोगों ने हस्ताक्षर अभियान में अपने साइन कर दिए हैं। वेदपाल का कहना है कि 250 लोगों हस्ताक्षर कर चुके हैं। इससे एसपी को अवगत कराया जाएगा।
इस बारे में एएसपी विद्या सागर मिश्र का कहना है कि उनके पास इस तरह की कोई शिकायत नहीं आई है। यदि शिकायत आती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तारी पर नजर
बागपत। सांकरौद गांव के लोगों की नजर आरोपी दलित परिवार की गिरफ्तारी पर टिकी हुई है। उनका कहना है कि इस मामले में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी आरोपी दलित परिवार के सदस्यों को पुलिस नहीं पकड़ रही है। आरोपी खुलेआम गांव में ही घूम रहे हैं।
लोगों का यहां तक कहना है कि यदि पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया, तो वे सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।