बड़ौत में धार्मिक स्थल के पास छेड़छाड़ के बाद हंगामा करती भीड़।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
नगर के एक धार्मिक स्थल पर फल खरीदने गई महिलाओं से वहां पर खड़े कुछ युवकों ने जमकर छेड़छाड़ की। इस दौरान महिलाओं ने इसका जमकर विरोध किया और फोन कर परिजनों को इसकी सूचना दी।
मौके पर पहुंचे परिजनों ने वहां पर जमकर तोड़फोड़ की। परिजनों ने कई ठेली वालों पीटा और दौड़ाया और ठेलियों को तोड़ डाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया।
नगर के एक मोहल्ले की दो-तीन महिलाएं शुक्रवार शाम फल खरीदने गई थीं। आरोप है कि फलों की ठेलियों के पास पहले से ही खड़े एक दूसरे समुदाय के युवकों ने उनके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। इस पर महिलाओं ने हंगामा शुरू कर दिया और फोन कर अपने परिजनों को इसकी सूचना दी। सूचना पर महिलाओं के परिजन लाठी-डंडे व धारदार हथियार लेकर वहां पर पहुंचे।
उन्होंने वहां खड़े युवकों के साथ मारपीट की। इस दौरान युवक वहां से भीड का फायदा उठाकर भाग निकले। आक्रोशित परिजनों ने फल बेचने वाले लोगों पर छेड़छाड़ कराने का आरोप लगाते हुए वहां पर तोड़फोड़ शुरू कर दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामला शांत किया। युवकों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया। एसएसआई हमेंद्र बालियान ने किसी तरह उन्हें शांत किया।