बड़ौत के खामपुर गांव में छात्र की मौत पर गमजदा महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
खामपुर गांव में घेर में सोए एक छात्र की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। इस संबंध में युवक के भाई की ओर से अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
खामपुर निवासी वेदपाल का पुत्र नरेंद्र (18) लुहारी गांव के एक कालेज में कक्षा नौ का छात्र था। बृहस्पतिवार को वह खाना खाकर पशुओं की रखवाली के लिए अपने घेर में सोया था। शुक्रवार सुबह आठ बजे तक जब वह घर नहीं पहुंचा तो उसके पिता वेदपाल घेर में गए।
वहां नरेंद्र चारपाई पर खून से लथपथ पड़ा मिला। उसके गले और चेहरे पर धारदार हथियार से वार किया गया था। इसकी सूचना पर परिवार के अन्य पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। नरेंद्र के भाई जितेंद्र की ओर से हत्या की आशंका जाहिर करते हुए अज्ञात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
उधर, कोतवाली प्रभारी हरेराम यादव का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही नरेंद्र की मौत का सही कारण सामने आएगा। घटना की जांच की जा रही है। परिवार के लोग किसी रंजिश या अन्य संभावना के बारे में कुछ नहीं बता रहे है।