जिस औलाद को दंपति ने प्यार से पाला, वही आलौद उनकी जान की दुश्मन बन गई है। रविवार को कोतवाली में पहुंची बुजुर्ग दंपति ने पुलिस कर्मियों को आपबीती सुनाई। पीड़ितों ने पुलिस से हस्तक्षेप कर कार्रवाई करने की मांग की है।
पीड़ित शंकर (75) और उनकी पत्नी सोहनवीरी (70) कोतवाली क्षेत्र के काठा गांव के रहने वाले हैं। रविवार को दोनों बागपत कोतवाली में पहुंचे। पीड़ितों ने पुलिस को बताया उनके चार बेटे हैं, लेकिन इस बुढ़ापे में उन्हें सहारे देने के लिए कोई भी तैयार नहीं है।
हाल में जिस बेटे के पास वृद्ध दंपति रह रहे थे, वहां से भी उसके बेटे और पुत्रवधू ने उन्हें मारपीट कर घर से निकाल दिया। अब रहने के लिए उनके पास कोई ठिकाना नहीं है। वृद्ध दंपति ने कहा उन्हें क्या पता था कि जिस आलौद को उन्हें बडे़ लाड़ और प्यार से पाल कर बड़ा किया, आज वे ही उनकी जान के दुश्मन बन जाएंगे। उन्होंने पुत्र और पुत्रवधू के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई करने की मांग उठाई। पुलिस ने तहरीर पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
युवक ने वृद्ध को दिया सहारा
बागपत। बागपत-मेरठ मार्ग पर जिला उद्यान विभाग के कार्यालय के सामने एक वृद्ध पिछले पांच दिन से देखा जा रहा है। युवक अंकित कुमार ने सर्दी को ध्यान में रखकर वृद्ध को सहारा लिया और सर्दी से बचने के लिए उसने वृद्ध को रजाई दे रखी है। इससे बुर्जुग को राहत मिली।