शहर के गायत्रीपुरम मोहल्ले में दलित युवक रोबिन पर सात-आठ लड़कों ने सरिया व अन्य धारदार हथियार से हमला कर दिया। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके परिजनों ने कोतवाली पर शिकायत की है।
बागपत के देशराज मोहल्ला निवासी रोबिन और नवीन, टंकी फिटिंग के मिस्त्री है। वे दोनो शुक्रवार को शहर के गायत्रीपुरा मोहल्ले के एक मकान में कार्य कर रहे थे। रोबिन के मुताबिक शाम करीब तीन बजे शहर और पुराना कस्बे के सात-आठ लड़कों ने गाली-गलोज करते हुए उस पर सरिया और अन्य धारदार हथियार से हमला कर दिया।
वह लहूलुहान हो गया। शोर शराबा सुनकर नवीन और अन्य लोग वहां पर पहुंचे। उन्होंने उसकी जान बचाई। उसके बाद आरोपी धमकी देते हुए चले गए। उसको अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोप है कि गणेश महोत्सव के दौरान आरोपियों ने उसके चचेरे भाई कुनाल के मुंह में रेत डाल दिया था। इसका उसने विरोध किया था।
तभी से ही आरोपी उससे रंजिश रखते है। तीन-चार दिन पहले भी आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलोज कर मारपीट की थी। कोतवाली पर लोगों का जमावड़ा लगा हुआ है। घटना की पुलिस से शिकायत की गई है। कोतवाली प्रभारी मुकेश कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।