बागपत। राहुल खट्टा के गुर्गे जाहिद उर्फ लंबू गैंग के पांच सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार करने का दावा। अफसरों का दावा है जनपद में 40 दिन में डकैती की छह वारदातों को लंबू गैंग ने ही अंजाम दिया था। पुलिस काे इनके पास से असलाह, 20 हजार रुपये नगद और आभूषण बरामद हुए हैं।
एसपी अजय शंकर राय ने पत्रकारों को बताया अग्रवाल मंडी टटीरी में बली फाटक के पास शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया बदमाश निजामू पुत्र शौकत निवासी हर्रा (मेरठ), फैजान पुत्र मोहम्मद उमर उर्फ उमरू निवासी हर्रा, खान मोहम्मद उर्फ खान पुत्र मोमीन निवासी हर्रा, शकील उर्फ टिकारू पुत्र कलुआ निवासी हर्रा और खालिद पुत्र मजीद निवासी देशराज मोहल्ला बागपत हैं।
इसके अलावा गैंग के फरार बदमाशों में जाहिद उर्फ लंबू पुत्र नफीस निवासी समर गार्डर लिसाड़ी गेट मेरठ, रहीस उर्फ टोल पुत्र शराफत निवासी हर्रा, सरफराज उर्फ बूटन पुत्र इरफान निवासी हर्रा , गुलजार पुत्र फरमान निवासी हर्रा, जावेद पुत्र बाबू निवासी हर्रा, शानू पुत्र रहीस निवासी हर्रा, सत्तार पुत्र मून कुरैशी निवासी बरनावा और शाहिद पुत्र आकिल निवासी खिवाई (मेरठ) हैं। उन्होंने पूछताछ करने पर आरोपियों ने बताया उनका इरादा लूटपाट करने का था। आरोपियों ने पुराना कस्बा के वकील के मकान में हुई डकैती का खुलासा किया।
इसके अलावा दरकावदा, शेखपुरा, मवी खुर्द, बिनौली समेत छह डकैती की वारदात करने का इकबाल किया। उनके पास से तीन तमंचे, कारतूस, लूटी गई रकम में से 20 हजार रुपये की नगदी समेत करीब एक लाख रुपये के आभूषण बरामद किए गए हैं।
रेकी करने के बाद डालते थे डकैती
पुलिस का कहना है कि बदमाश, डकैती डालने के लिए पहले रैकी करते हैं। इसके बाद वारदात को अंजाम देते थे। व्यापारी अब्दुल हक के मकान में देशराज मोहल्ला निवासी खालिद ने रैकी की थी। उसके मकान में दिन में ही बदमाश पहुंच गए थे। बदमाशों के पास से यहां से गुम हुए आधार कार्ड भी बरामद हुए हैं। उधर, एसपी ने बताया कि बदमाशों को पकड़ने पर डीआईजी ने पांच हजार का इनाम दिया है। टीम में एसआई मुनेश पाल सिंह, एसआई इसम सिंह, एसआई कर्मवीर सिंह, एसआई शौकत अली, कांस्टेबल अरुण कुमार, जहांगीर पंवार, सुशील कुमार, दीपक कुमार, अनिल कुमार, सतीश कुमार, मनोज कुमार, दीपक कुमार शामिल है।