खेकड़ा। गो तस्करों ने मंगलवार की रात में पुलिस पर पथराव कर दिया। इस दौरान दरोगा ने गली में घुसकर उन पर फायर किया, लेकिन बदमाश भागने में सफल रहे। इस दौरान दरोगा और होमगार्ड बाल बाल-बच गए।
मंगलवार की रात में करीब एक बजे नगर पुलिस चौकी प्रभारी कर्णवीर सिंह एक होमगार्ड के साथ बाइक पर सवार हो गश्त करते हुए जब रेलवे रोड पर शिव मंदिर के सामने पहुंचे, तभी एक पिकअप गाड़ी दौड़ती हुई उनके सामने आ गई। दरोगा ने संदेह होने पर बाइक पिकअप गाड़ी के सामने लगा दी। इसी दौरान दरोगा कुछ समझ पाते, तभी पिकअप में पीछे बैठे लोगों ने पथराव कर दिया। पत्थर गाड़ी में ही रखे थे।
दरोगा ने गली का किनारा लेकर पिकअप के टायर पर दो फायर किए, लेकिन गोली गाड़ी के टायरों में नहीं लगी। साथ ही उन्होंने दरोगा की तरफ डंडे और तमंचे भी लहराए और गाड़ी को दौड़ाते चले गए। सूचना पर जंगल में गश्त कर रहे थाना प्रभारी देवेंद्र विष्ट भी मौके पर पहुंचे और क्षेत्र में नाकेबंदी कर रात्रि तीन घंटे तक चेकिंग अभियान चलाया, लेकिन गोवंश को गाड़ियों में लादकर ले जाने वाले गिरोह, सदस्य और गाड़ी का सुराग नहीं लगा।
थाना प्रभारी देवेंद्र विष्ट कहा कुछ दिनों से सूचना मिल रही है कि पिकअप में बाहर से सवार होकर कुछ लोग आते है और क्षेत्र में घूम रही आवारा गोवंश को लादकर ले जाते हैं। अधिक मुस्तैदी के साथ उनकी धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जाएगा।