बागपत कोतवाली में ट्रक चालक से पूछताछ करते ट्रक मालिक।
- फोटो : अमर उजाला
बागपत। निवाड़ा चौकी के पास नंदन कानन पार्क में बदमाशों ने चौकीदार को बंधक बनाकर शुक्रवार की रात में डकैती की वारदात को अंजाम दिया। वहां से करीब दो लाख रुपये का सामान लूटकर ले गए। पुलिस ने वारदात को चोरी में दर्ज किया है।
पाबला बेगमाबाद निवासी अनिल वशिष्ठ गौरीपुर-बहालगढ़ मार्ग पर स्थित नंदन कानन पार्क में रेस्टोरेंट बनाने की तैयारी कर रहे हैं। अधिकांश सामान आ चुका था। साफ-सफाई की जा रही थी। वहां पर चौकीदार सुनील शाह निवासी बिहार रहता है। शुक्रवार की रात में करीब 12 बजे छह बदमाश वहां पर पहुंचे और चौकीदार सुनील को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया। बदमाश वहां से इनवेटर, डी फ्रिज, चाय-कॉपी मशीन समेत करीब दो लाख रुपये का सामान मिनी ट्रक में लादकर ले गए।
जाते समय बदमाशों ने धमकी दी यदि पुलिस से शिकायत की तो जान से मार दिया जाएगा। पीड़ित ने वारदात की शनिवार को पुलिस को शिकायत की। उन्होंने बताया इससे पहले भी कई बार चोरी की वारदात हो चुकी है। पुलिस ने वारदात को डकैती की धारा में दर्ज न करके चोरी की धारा में दर्ज किया। कोतवाल ने कहा नंदन कानन पार्क में चोरी हुई है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।