बालैनी किराना की दुकान में लूटपाट करने के आरोपी अपराधी
- फोटो : amar ujala
बागपत। बालैनी में किराना की दुकान में लूटपाट कर फायरिंग कर भागे बदमाश मेरठ और गाजियाबाद के निकले। मोदीनगर पुलिस ने चार बदमाशों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में गिरफ्तार बदमाशों ने लूटपाट की वारदात में हाथ होना इकबाल किया।
बालैनी थानाध्यक्ष राजपाल सिंह ने बताया मोदीनगर पुलिस ने दो दिन पहले चार अपराधियों को गिरफ्तार किया। इनमें मेरठ के किनौनी निवासी कर्मवीर पुत्र राजू, आलमगीरपुर निवासी शौकीन पुत्र मोहम्मद उमर, उकेसिया गांव निवासी गुड्डू उर्फ प्रवेश और गाजियाबाद की मसूरी निवासी गोविंद पुत्र हंसराज हैं। आरोपी राजस्थान के अलवर से ट्रक लूटकर भाग रहे थे। इसी दौरान आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ करने पर आरोपियों ने कई वारदात में हाथ होने का इकबाल किया। इनमें बालैनी में किराना की दुकान में लूटपाट की वारदात भी शामिल है। इसमें नामजद आरोपियों के अलावा दो अन्य अपराधी शामिल रहे हैं। पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर आरोपियों से पूछताछ करेगी। इसी के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
किनौनी भाग गए थे लुटेरे
बागपत। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए अपराधियों ने बताया वारदात को अंजाम देने के बाद सीधे किनौनी चले गए थे। इसके बाद अलग-अलग स्थानों पर गए।
यह था मामला
बागपत। बालैनी निवासी व्यापारी बिजेंद्र की पुरा महादेव जाने वाले रास्ते पर किराना की दुकान है। एक फरवरी की शाम को दो बाइकों पर सवार सशस्त्र बदमाशों ने उनकी दुकान में 70 हजार रुपये की लूट की थी। इसके बाद फायरिंग करते हुए फरार हो गए थे। बालैनी थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई थी। इसे लेकर हंगामा भी हुआ था।