बागपत कोतवाली में तहरीर देने जाते ठाकुरद्वारा मोहल्ले के लोग।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
ठाकुरद्वारा मोहल्ले में युवकों ने तमंचे के बल पर दो किशोरी के अपहरण का प्रयास किया। किशोरियों के शोर मचाने पर युवक धमकी देते हुए फरार हो गए। परिजनों ने कोतवाली पहुंचकर युवकों को नामजद किया। कोतवाली पुलिस ने आरोपियों की तलाश में दबिशें दीं।
शहर के ठाकुरद्वारा मोहल्ला निवासी ब्रह्म सिंह ने बताया शनिवार की रात साढ़े आठ बजे एक दर्जन से अधिक विशेष समुदाय के युवकों ने तमंचों के बल पर दो किशोरियों का अपहरण करने का प्रयास किया। मोहल्ले में शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
उसने बताया सुबह से ही आरोपी युवक घर के चक्कर लगा रहे थे। रात के समय वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया। यदि लड़कियां शोर नहीं मचाती तो उक्त युवक उनका अपहरण कर लेते। मोहल्ले के लोगों के एकत्र होने पर युवक वहां से भाग गए। मोहल्ले के लोगों ने बताया आरोपी युवकों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन युवक तमंचे लहराते हुए जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।
पीड़ितों ने दर्जनों लोगों के साथ कोतवाली पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। परिजनों ने गिरफ्तारी की मांग की। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी मुकेश कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामला की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।