बागपत के बड़ौत में हरियाणा से ट्रक में वध के लिए गोवंश को मुजफ्फरनगर ले जा रहे तस्करों ने पीछा करने पर पुलिस की गाड़ी पर गोलियां चलाईं। गाड़ी बड़ौली गांव के पास पहुंची तो ट्रक बिजली के खंबे से जा टकराया। इस पर कुछ गोतस्कर गोलियां चलाते हुए भाग निकले। इनमें से दो को पुलिस और ग्रामीणों ने दबोच लिया। इस घटना के बाद ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया और आरोपियों पर कठोर कारवाई की मांग की। ट्रक से पुलिस ने 15 गोवंश कब्जे में लिये है। ट्रक को सीज कर गोवंश को गौशाला में भेजा गया है।
पुलिस के मुताबिक, हरियाणा के हिसार से ट्रक नंबर यूपी 12 टी 6492 गोवंश को जंधेड़ी जनपद मुजफ्फरनगर ले जा रहा था। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे गौरीपुर मोड़ से ट्रक बड़ौत की ओर चला तो किसी ने 100 नंबर पर फोन कर दिया। गुफा मंदिर के पास खड़ी 100 नंबर गाड़ी में तैनात एचसीपी रामबीर सिंह, कांस्टेबल दिलराग व ड्राइवर कैलाश ने ट्रक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह भाग निकला। 100 नंबर गाड़ी ने ट्रक का पीछा किया तो तस्करों ने पुलिस पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। ट्रक बड़ौली गांव पहुंचा तो चालक होश खो बैठा। ट्रक सड़क के किनारे खड़े खंभे में टकराता हुआ खाई में जा गिरा। इस पर तस्करों ने गोली चलाते हुए भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस व ग्रामीणों ने दो को धर दबोचा। अन्य गोली चलाते हुए खेतों से भाग निकले। पकड़े गए लोगों ने अपनी पहचान इकराम पुत्र मईनुद्दीन, नईम पुत्र आशु सरधना जनपद मेरठ के रूप में बताई है। उनके मुताबिक, फरार ट्रक को मालिक हरियाणा का रहने वाला कालू चला रहा था।
इस घटना के बाद वहां भारी भीड़ जमा हो गई। इससे दिल्ली-सहारनपुर हाईवे अवरुद्ध हो गया। सूचना पर सीओ बड़ौत कर्मवीर सिंह, सीओ रमाला अजय शर्मा, कोतवाली प्रभारी बड़ौत मुकेश कुमार समेत कई थानों की पुलिस व अर्धसैनिक बल वहां पहुंचा। भीड़ ने तस्करों पर कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। काफी समझाने के बाद वे मान गए। ट्रक से पुलिस ने 15 गोवंश पशु बरामद किए है। बाद में ट्रक को क्रेन मंगाकर हटवाया गया। अब तक इस मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया हंगामा
घटना की सूचना पर भाजपा जिलाध्यक्ष संजय खोखर, नगर पालिका परिषद बड़ौत के चेयरमैन केपी मलिक व भाजपा के कार्यकर्ता काफी संख्या में वहां पहुंच गए। उन्होंने पुलिस को चेतावनी दी कि गोतस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।