बागपत। डेढ़ करोड़ रुपये की फिरौती के लिए छात्र आर्यन की अपहरण के बाद हुई हत्या के मामले में पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार गाजियाबाद में बागपत क्राइम ब्रांच के अलावा एसटीएफ ने डेरा डाल रखा है। वहां पुलिस को कई अहम जानकारी मिली है। इसी के आधार पर कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
केस के खुलासे के लिए मेरठ जोन की पुलिस लगी है। मेरठ डीआईजी लक्ष्मी सिंह केस की मॉनीर्टिंग कर ही हैं। बुधवार को डीआईजी ने आर्यन के पिता रविंद्र से कई घंटे वार्ता की। बागपत, मेरठ, मुजफ्फरनगर और गाजियाबाद में पुलिस ने डेरा डाल रखा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार एसटीएफ को गाजियाबाद से अहम क्लू हाथ लगा है। पुलिस का फोकस भी सबसे ज्यादा बागपत और गाजियाबाद पर ही है। क्योंकि अपहरणकर्ताओं ने फिरौती मांगने में जो सिम इस्तेमाल की, वह गाजियाबाद से ही खरीदी और फिरौती भी गाजियाबाद से ही मांगी थी।
पुलिस को शक है इस केस में बागपत और गाजियाबाद के बदमाशों का हाथ है। इन स्थानों पर ही पुलिस ने डेरा डाल रखा है। पुलिस अधिकारी भी गोपनीय स्तर से भी जानकारी जुटा रहे हैं। पुलिस सूत्रों की माने तो गाजियाबाद में एसटीएफ को गुरुवार को अहम क्लू हाथ लगा है। इसी के आधार पर पुलिस पांच-छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। सीओ (क्राइम) श्वेतांभ पांडेय ने बताया गाजियाबाद में एसटीएफ और बागपत पुलिस काम कर रही है। हर बिंदुओं पर जांच चल रही है। जल्द ही केस का खुलासा कर दिया जाएगा।
आर्यन को फांसी लगाने में इस्तेमाल शर्ट बुढ़ाना में सिली
दोघट। छात्र आर्यन की हत्या के मामले में पुलिस को एक ओर अहम जानकारी मिली है। आर्यन की जिस शर्ट से फांसी लगाई गई थी, वह बुढ़ाना में एक दर्जी की दुकान में सिलवाई गई है। रिकार्ड की जांच की तो पता चला कि शर्ट को बुढ़ाना के युवक के नाम से सिलवाई की गई है। पुलिस ट्रेलर से पूछताछ कर रही है। छात्र आर्यन के कातिलों तक पहुंचने के लिए पुलिस हर स्तर पर जांच कर रही है। आर्यन के गले में जो शर्ट मिली थी। पुलिस ने उसे कब्जे में ले लिया था।
पुलिस ने उसे देखा तो उसके कॉलर पर ट्रेलर की चिट लगी हुई मिली। पुलिस सूत्रों का कहना है कि जांच करने पर पता चला बुढ़ाना कस्बे में एक नामी ट्रेलर की दुकान में शर्ट की सिलवाई हुई है। पुलिस गुरुवार को ट्रेलर की दुकान पर पहुंची। जांच करने पर पता चला शर्ट कुछ दिन पूर्व ही भड़ल गांव के युवक के नाम से सिलवाई गई है। शर्ट के नाप से पता लगाया जा रहा है कि जिसकी शर्ट है। उसका साइज क्या है। इसके अलावा पुलिस ट्रेलर को अपने साथ ले आई है। पुलिस उससे जानकारी जुटा रही है। जिस नाम से शर्ट सिली है। पुलिस ने उसकी भड़ल में तलाश शुरू कर दी है।
रालोद नेता सहेंद्र रमाला भड़ल पहुंचे
दाहा। रालोद नेता सहेंद्र रमाला, गुरुवार को भड़ल गांव में आर्यन के घर पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को सांत्वना देते हुए कहा उनका पूरा सहयोग है। कातिल जल्द से जल्द पकड़े जाने चाहिए।
नौ बजे होगा हवन
दाहा। आर्यन के पिता रविंद्र ने बताया शुक्रवार (आज) नौ बजे हवन होगा। उन्होंने अपील की कि हवन में ज्यादा से ज्यादा लोग शामिल हो। इसमें ही महापंचायत कब होगी, इसका ऐलान किया जाएगा।