पुलिस लाइन में गाली-गलौज करने के विवाद में सिपाही और उनके साथी आपस में भिड़ गए, इस दौरान दोनों में जमकर लाठी-डंडे चले। झगड़े में दोनों सिपाही समेत चार लोग घायल हो गए। इनमें से एक युवक की हालत गंंभीर होने के चलते मेरठ रेफर किया। दोनों ओर से तीन सिपाही समेत दस लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। आरोपी दो सिपाही समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया।
बुलंदशहर निवासी सिपाही सुभाष चंद और कुवेंद्र सिंह के बीच गाली-गलौज करने को लेकर रविवार को दोपहर के समय पुलिस लाइन में विवाद हो गया था। तब अन्य पुलिसकर्मियों ने बीच बचाव करा दिया था, लेकिन देर रात दोनों सिपाही और उनके पक्ष में आसपास के गांव के उनके साथी आमने-सामने आ गए। इस दौरान जमकर लाठी-डंडे चले।
दोनों सिपाही के अलावा युवक संजय और मुकेश निवासी गौरीपुर जवाहर नगर घायल हो गए। सीओ बागपत दिलीप सिंह और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुुंची। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने घायल युवक संजय को मेरठ रेफर किया।
सिपाही सुभाष चंद का कहना है कि वह रात को पुलिस लाइन के हाल में लेटा हुआ था। तभी कांस्टेबल कुवेंद्र सिंह अपने साथी मुकेश, संजय निवासी गौरीपुर और दो अज्ञात के साथ वहां पहुंचा। आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर बैरग में आराम कर रहे कर्मचारी वहां पहुंचे और उसकी जान बचाई। हमलावर भागने लगे, पुलिस वालों ने दो लोगों को पकड़ लिया, जबकि दो भागने में कामयाब हो गए। उसकी तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ।
उधर, सिपाही कुवेंद्र सिंह ने बताया वह पुलिस लाइन में रहता है और यूपी डायल 100 पर तैनात है। रविवार की रात में उससे मिलने के लिए मुकेश और संजय आए हुए थे। उसी समय कांस्टेबल सुभाष , मनोज और उनके तीन साथियों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
इससे गंभीर चोट आईं। उसकी तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ। एएसपी अजय कुमार सिंह ने कहा दो सिपाही और उनके साथियों के बीच मारपीट हुई है। मुकदमा दर्ज कर आरोपी सिपाही सुभाष चंद और कुवेंद्र सिंह समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया। दोनों सिपाही बुलंदशहर के हैं।
सीओ लाइन को सौंपी जांच : एएसपी
एएसपी अजय कुमार सिंह ने कहा इस मामले की जांच सीओ लाइन संजीव सुमन को मामले की जांच सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।