बागपत के किशनपुर बराल के बूढ़पुर गांव में चोर सोमवार की रात में चार मकानों का ताला तोड़कर नगदी समेत लाखों रुपये के आभूषण और कीमती सामान चुराकर ले गए। पांचवें मकान में जाग होने पर चोर भाग गए। लोगों ने उनको पकड़ने का काफी प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
रमाला क्षेत्र के बूढ़पुर निवासी किसान ओमवीर पुत्र विक्रम सिंह सोमवार की रात में अपने परिवार के साथ मकान में सो रहे थे। देर रात चोरों ने उनके मकान में घुसकर ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और कीमती सामान चुराया। इसके बाद चोर किसान राजेंद्र सिंह के मकान से कीमती कपड़े चोरी करके ले गए। चोर महिला पीतमो पत्नी हरपाल के मकान से पांच हजार रुपये नगद, चांदी के आभूषण और तीन सिक्के चोरी करके ले गए। इसी तरह सत्यवीर के मकान से आभूषण और कीमती सामान चोरी किया। इनके अलावा किसान धर्मपाल के मकान में चोर घुसे, लेकिन खड़खड़ाहट होने पर परिवार के लोग जाग गए। शोर मचाने पर चोर भाग गए। लोगों ने उनको पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। पीड़ितों ने रमाला थाना में चोरी होने की तहरीर दी। थाना पुलिस ने कहा ग्रामीणों की तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी।
किसान से फोन पर मांगी दो लाख की रंगदारी
बिनौली। थाना क्षेत्र के फतेहपुर पुट्ठी गांव के एक किसान से फोन पर दो लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित ने थाने पर तहरीर देकर जान माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।
पीड़ित किसान ब्रह्म पाल सिंह पुत्र अजब सिंह ने दी तहरीर में बताया कि कई दिनों से उनके मोबाइल पर अज्ञात व्यक्ति गाली गलौज कर रहा है। मंगलवार को सुबह फिर से काल आई, जिसमें उसने दो लाख का इंतजाम करने को कहा है। साथ ही पुलिस और अन्य किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी है। इससे किसान और उसका परिवार दहशत में है। पुलिस का कहना है कि किसान की तहरीर पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।