स्वास्थ्य विभाग ने रमाला थाना क्षेत्र के असारा गांव के पांच झोलाछाप चिकित्सकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। विभाग ने इन्हें पहले नोटिस भेजा गया था, उसके बाद रिपोर्ट दर्ज कराने की कार्रवाई की गई। स्वास्थ्य विभाग को काफी समय से इनकी शिकायत मिल रही थी।
झोलाछाप चिकित्सकों पर नकेल कसने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है। जिले में अभियान चलाकर फर्जी चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। रमाला थाना क्षेत्र के असारा गांव में पांच झोलाछाप चिकित्सकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई।
जिनमें नवाब, मनोज, रामशरण, खलील और अमजद शामिल है। इनकी गिरफ्तारी के लिए स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक रमाला थानाध्यक्ष से मिलेंगे। स्वास्थ्य विभाग के सहायक नोडल अधिकारी अजय शर्मा ने बताया कि एसीएमओ डॉ. रामेश्वर दयाल के निर्देश पर असारा गांव में झोलाछाप चिकित्सकों को नोटिस दिया गया था, लेकिन वह किसी भी तरह से अपने कागजात नहीं दिखा पाए।
इस पर रमाला थाने में पांचों झोलाछाप चिकित्सकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवा दी गई है। मांगडौली के तीन झोलाछाप चिकित्सकों को भी नोटिस जारी किए गए हैं। दस्तावेज न दिखाने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।