दोघट (बागपत)। भड़ल गांव में आठ माह पूर्व छात्र आर्यन उर्फ क्रिश की अपहरण कर हत्या के मामले में पुलिस ने मुल्जिम पुलकित उर्फ शेरू को गिरफ्तार कर जेल भेजा। पुलिस का दावा है कि डेढ़ करोड़ रुपये की फिरौती न मिलने पर उसकी हत्या की। फरार आरोपी बाबू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
दोघट थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया केस के आरोपी पुलकित उर्फ शेरू पुत्र सतपाल निवासी भड़ल को दाहा बस स्टैंड के पास से दबोचा है। पूछताछ में आरोपी ने बताया उसने अपने साथी बाबू भड़ल के साथ मिलकर रुपये लेने के लिए भंडारे से ही आर्यन का अपहरण किया था। उसके पिता रविंद्र से डेढ़ करोड़ रुपये की मांग की थी। रुपये न मिलने के कारण उसकी हत्या कर दी थी। किसी को उनके बारे में पता न चले, इसलिए शव को बोरे में बंद कर हिंडन नदी में डाल आए थे। इस मामले में जो सिम इस्तेमाल किए थे वे गाजियाबाद से लिए थे। थाना प्रभारी ने बताया सिम विक्रेता प्रवीण त्यागी पुत्र जसबीर, अनुराग पुत्र विनोद, संजय पुत्र रमेश निवासी घुगना रोड थाना सिहानी गेट गाजियाबाद पहले ही जेल जा चुके हैं। एसओ के मुताबिक आरोपी अपहरण करने के बाद छात्र आर्यन को मिलाना गांव के जंगल में ले गए थे। दो दिन तक रुपये न मिलने पर 30 जुलाई को उसकी हत्या कर दी थी।
बाबू के मकान पर हो चुका
है कुर्की नोटिस चस्पा
बागपत। केस के मुल्जिम बाबू भडल के मकान पर पुलिस कुर्की नोटिस चस्पा कर चुकी है। पुलिस का कहना है कि कोर्ट की अनुमति मिलते ही आरोपी के मकान की कुर्की कर दी जाएगी।
पुलिस की खुली पोल, ड्रोन भी हुआ फेल
बागपत। आरोपी पुलकित ने पुलिस की पोल खोल दी। दो दिन तक उसको मिलाना के जंगल में रखा गया। पुलिस ने दोघट और बिनौली क्षेत्र के जंगलों में कॉबिंग की और ड्रॉन भी उड़ाया,लेकिन आर्यन को बरामद नहीं कर पाए। यदि पुलिस जंगल की सहीं तरीके से छानबीन करती तो आर्यन सकुशल बरामद हो सकता था।