वैट चोरी करके परचून का सामान लेकर जा रहे कैंटर को वाणिज्य कर विभाग के अफसरों ने पकड़ लिया। इसके बाद उसको ग्रेटर नोएडा लेकर जाने लगे। कुछ लोगों ने जान से मारने की नियत से उनकी गाड़ी को कुचलने का प्रयास किया। इसके बाद उन पर फायर कर दिए।
इससे वे बाल-बाल बच गए। आरोपी परचून के सामान से लदे कैंटर को लेकर भागने में भी सफल रहे। इस संबंध में खेकड़ा के पूर्व ब्लाक प्रमुख लीलू पहलवान समेत 19 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई। पुलिस ने एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से लाइसेंसी पिस्टल बरामद की।
वाणिज्य कर विभाग ( रेड) की प्रथम इकाई ग्रेटर नोएडा के असिस्टेंट कमिश्नर वीरेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया एडिशनल कमिश्नर (रेड) सूरजपुर ग्रेटर नोएडा के निर्देश पर 23 दिसंबर को बागपत क्षेत्र में असिस्टेंट कमिश्नर वीरेंद्र सिंह और रुद्र शेखर राय टीम के साथ वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने गुराना गांव के पास वेट चोरी कर हरियाणा से परचून का सामन लेकर आ रहे एक कैंटर को पकड़ लिया।
इसके बाद उसे ग्रेटर नोएडा ले जाने लगे। बालैनी के पास पहुंचते ही पीछे से एक गाड़ी आई। गाड़ी में सवार आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से उनकी गाड़ी को कुचलने का प्रयास किया। बाद में आरोपियों ने उन पर फायरिंग भी की, लेकिन वे बाल बाल बच गए, लेकिन आरोपी सामान से लदे कैंटर को लेकर ले जाने में सफल रहे।
इस मामले में बालैनी थाने में उन्होंने खेकड़ा के पूर्व ब्लाक प्रमुख लीलू पहलवान निवासी डगरपुर, नरेंद्र पुत्र राजेंद्र निवासी शिकोहपुर, निखिल पुत्र अशोक निवासी बुढ़ाना को नामजद करते 16 अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
इस संबंध में पूछने पर थाना बालैनी के इंचार्ज राजपाल सिंह ने बताया कि वाणिज्य कर विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर वीरेंद्र सिंह पर फायर कर सामान से लदे कैंटर को ले जाने के मामले में नामजद आरोपी नरेंद्र को पुलिस ने पकड़ लिया गया है।
उसके पास से लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद हुई है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। दूसरी तरफ, इस मामले में आरोपी बनाए गए पूर्व ब्लाक प्रमुख लीलू पहलवान ने कहा कि उन पर लगाए आरोप पूरी तरह से गलत हैं। उनके खिलाफ फर्जी तरीके से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।