दोघट। टीकरी कसबे के जंगल में किसान राजकुमार पुत्र गिरवर के खेत के ऊपर से 11 हजार की विद्युत लाइन गुजर रही है। बृहस्पतिवार को विद्युत लाइन का तार टूटकर ईख के खेत में गिर गया। तार से उठी चिंगारी ने आग पकड़ ली।
सूचना पर काफी संख्या में ग्रामीण वहां पहुंचे और आग को बुझाने का प्रयास करने लगे। इसकी सूचना दमकल विभाग को भी दी गई, लेकिन दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची। ग्रामीणों ने कई घंटे तक कड़ी मशक्कत कर आग पा काबू पाया, लेकिन तब तक किसान इंद्रपाल पुत्र नारायण सिंह की चार बीघा, राजकुमार पुत्र गिरवर की साढ़े तीन बीघा, जितेंद्र पुत्र गिरवर सिंह की साढ़े तीन बीघा, सुभाष पुत्र जगवीरा की तीन बीघा एवं दोघट के किसानों की 12 बीघा ईख जल गई।
वहीं मुलसम गांव में खेतों के ऊपर से गुजर रही 11 हजारी विद्युत लाइन के तार आपस में टकरा गए। तारों से उठी चिंगारी खेत में जा गिरी। जिसने आग पकड़ ली। आग से हरबीर पुत्र फेरू की दो बीघा, वीरेंद्र पुत्र नाहर सिंह की चार बीघा, प्रदीप पुत्र रामफल की पांच बीघा ईख की फसल जल गई। इससे क्षुब्ध होकर किसानों ने ऊर्जा निगम के अफसरों के खिलाफ नारेबाजी कर आक्रोश जताया।