बागपत के बड़ौत में रविवार की रात में चोर नकब लगाकर अमीन नगर सराय-बड़ौत मार्ग स्थित एक फैक्ट्री से लाखों का सामान चुराकर ले गए।
पीड़ित फैक्ट्री मालिक राजेश गुप्ता पुत्र स्वर्गीय रामरतन गुप्ता बड़ौत नगर के रहने वाले हैं।
उसकी अमीन नगर सराय-बड़ौत मार्ग पर वारशल बनाने की फैक्ट्री है। रविवार की रात्रि में चोर उसकी फैक्ट्री में नकब लगाकर मोटर डाई, इंवार्टर, बैट्री समेत करीबन 2.50 लाख का सामना चोरी कर ले गए।
सोमवार की सुबह राजेश गुप्ता फैक्ट्री पहुंचे तो उसे घटना की जानकारी लगी। इस संबंध में उसने बड़ौत कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी।
कोताना गांव में रविवार की रात में एक युवक युवती को अकेला पाकर घर में घुस गया। युवक को देख युवती ने शोर मचाया तो युवक ने युवती से मारपीट कर दी और घर से नगदी और जेवर लूटकर भागने लगा।
तभी ग्रामीणों ने युवक को दबोचा और पुलिस को साैंपा। इस संबंध में पीड़ित युवती ने कोतवाली में तहरीर दी। पीड़ित युवती खुशनुमा पुत्री तय्यब कोताना गांव की रहने वाली है। दो वर्ष पूर्व उसकी शादी पलड़ी गांव के कासिम से हुई थी।
फिलहाल खुशनुमा मायके आई हुई है। रविवार की रात्रि में खुशनूमा को अकेला पाकर एक युवक घर में घुसा। तभी खुशनूमा ने शोर मचा दिया। यह देख युवक आग बबूला हो गया और उसने खुशनूमा के साथ मारपीट कर दी और घर मेें रखी करीबन तीन हजार की नगदी और सोने-चांदी के आभूषण लूटकर भागने लगा। तभी शोर सुनकर ग्रामीण उधर दौड़े और युवक को घर के बाहर ही दबोच लिया।
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर गांव में पहुंची और युवक को पकड़कर थाने ले आई। इस संबंध मेें पीड़ित युवती ने गांव के ही नितिन के खिलाफ तहरीर दी है। एसएसआई चितवन सिंह ने कहा तहरीर लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी। मामला दो समुदाय का होने के कारण गांव में तनाव बना है।