बागपत जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी उज्ज्वल अंबेश से फोन पर तीन लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। इतना ही नहीं उनके साथ गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी भी दी गई। इस मामले में कोर्ट के आदेश पर दो को नामजद करते हुए तीन के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
अपर मुख्य अधिकारी उज्ज्वल अंबेश की तहरीर के मुताबिक 13 सितंबर को शाम सात बजे उनके पास एक नंबर से फोन आया। फोन पर उनके साथ गालीगलौज कर तीन लाख रुपये की रंगदारी मांगी। धमकी दी कि यदि रंगदारी नहीं दी, तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा।
इस दौरान आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों का भी प्रयोग किया। आरोप है कि धमकी देने वाले बागपत शहर की गली नंबर छह के विनोद कुमार शर्मा, निगम शर्मा और एक अज्ञात व्यक्ति है। उन्होंने कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की गुहार लगाई थी।
कोर्ट के आदेश पर कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ रंगदारी मांगने, गालीगलौज करने और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज हुई है। मामले की जांच सीओ बागपत कर रहे है। एएसपी विद्या सागर मिश्र का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर ही कार्रवाई की जाएगी।