तीन दिन से संदिग्ध हालात में लापता खट्टा प्रह्लादपुर गांव के बिजली मिस्त्री की जलाकर हत्या कर दी। बिजली मिस्त्री का शव तीसरे दिन मकान से करीब 200 मीटर दूर एक प्लाट में झाड़ियों में पड़ा मिला। जंगली जानवरों ने शव को क्षत-विक्षत कर दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। परिजनों ने अपहरण के बाद हत्या करने का आरोप लगाया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा।
रणवीर उर्फ रहतू सिंह बिजली का काम करते थे। परिजनों के मुताबिक रणवीर 15 दिसंबर की रात में करीब नौ बजे गांव में दुकान से सामान लेने के लिए निकले थे। इसके बाद घर नहीं लौटे। रविवार दोपहर करीब दो बजे उनके भाई तेजपाल मकान के पास ही एक प्लॉट के पास से गुजरे तो झाड़ियों में खाली स्थान पर रणवीर की निर्वस्त्र और अर्द्धजली लाश पड़ी दिखाई दी। उनके शरीर का काफी हिस्सा गायब मिला।
आशंका है जंगली जानवरों ने उसको खा लिया है। उनके बेटे प्रवेश का कहना है कि उनके पिता की अपहरण कर हत्या की गई है। शव को गांव के निकट एक प्लाट में लाकर डाला गया है। ग्रामीणों ने पुलिस का विरोध किया और अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की। इस दौरान पुलिस के साथ ग्रामीणों की नोकझोंक भी हुई।
सूचना मिलते ही सीओ (क्राइम) श्वेताभ पांडेय और कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने वारदात स्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया। सीओ ने कहा रणवीर की हत्या कैसे हुई, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही चलेगा। उधर, डॉग स्कवाड और फारेंसिक टीम ने भी जांच की। रणवीर के दो बेटे (प्रवेश और दीपक) और एक बेटी सोनिया है। तीनों बच्चे अविवाहित है। रालोद जिलाध्यक्ष ठाकुर प्रदीप सिंह ने मौके पर पहुंच पुलिस अफसरों से वारदात का शीघ्र खुलासा करने की मांग की।
शव के पास पहुंचा सांप
बागपत। रणवीर के शव के पास सांप पहुंच गया था। पुलिस ने लोगों को सांप के बारे में बताते हुए शव के पास नहीं जाने दिया। इससे वहां पर हड़कंप मच गया। काफी देर तक ग्रामीण और पुलिस सांप के जाने का इंतजार करते रहे।
आत्महत्या दर्शाने का किया प्रयास
बागपत। रणवीर के कातिलों ने हत्या को आत्महत्या करना दर्शाने का प्रयास किया। जिस स्थान पर शव पड़ा मिला। उसके पास पेड़ की टहनी पर एक कपड़ा मिला। शव के पास ही मृतक के कपड़े जले मिले। जिस स्थान पर शव मिला, उस स्थान पर परिजन रणवीर को तलाश कर चुके थे। इसलिए स्पष्ट है कि उसकी हत्या कर शव को यहां पर लाकर फेंका गया है। कातिलों ने खुद को बचाने के लिए हत्या को आत्महत्या करना दर्शाने का प्रयास किया है।