बागपत। बिनौली क्षेत्र के एक गांव में महिला को बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपी देवर और जेठ ने महिला के पैर बांधकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पीड़ित के पति ने बताया उसकी पत्नी आठ मई को घर में अकेली थी। तभी उसके दो भाइयों ने उसकी पत्नी को कमरे में बंद कर छेड़छाड़ कर अश्लील हरकतें करने लगे। बाद में उसके पैर बांधकर सामूहिक दुष्कर्म किया। विरोध करने पर पीटा और धमकी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और महिला का अस्पताल में मेडिकल कराया। बाद में बिनौली थाने में वारदात की तहरीर दी। थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार यादव ने कहा महिला से सामूहिक दुष्कर्म करने के आरोपी देवर और जेठ हैं। मुकदमा दर्ज हो गया है। जल्द ही उसको पकड़ लिया जाएगा।
उधर, छपरौली क्षेत्र की किशोरी से पड़ोस के दो सगे भाइयों ने घर में घुसकर दुष्कर्म करने का प्रयास किया। किशोरी की माता का कहना है कि उसका पति कपड़े बेचने के लिए राजस्थान गया है। 27 अप्रैल को वह घरेलू सामान लेने हुई थी। सुबह करीब साढ़े 11 बजे पड़ोस के दो युवक घर पर पहुंचे। उस समय उसकी बेटी घर में अकेली थी।
आरोपियों ने उसके साथ छेड़छाड़ कर दुष्कर्म करने का प्रयास किया। चिल्लाने पर मोहल्ले के लोगों ने उसे बचाया। मंगलवार को आरोपियों ने अपने परिजनों के साथ घर पर आकर गाली-गलौज कर मारपीट की और केस में समझौता करने का दबाव बनाया। ऐसा न करने पर जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने बुधवार को एसपी दफ्तर पर पहुंचकर शिकायत की है।