खेकड़ा कस्बे की किशोरी को अगवा कर दिल्ली में बंधक बनाकर रखने का मामला सामने आया है। आरोप है कि सपा नेता शमशाद ने अपने बेटे का निकाह करने के लिए किशोरी को अपहरण कर बंधक बना रखा। मौका पाकर किसी तरह किशोरी उनके चंगुल से निकलकर पुलिस के पास पहुंची। आरोपी शमशाद और उसके बेटे समेत चार आरोपियों के खिलाफ खेकड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई है।
पुलिस के मुताबिक किशोरी (13) ने उसे बताया कि पड़ोसी शमशाद, उसका बेटा दानिश और उसके इस्तेकार नाम के दो दोस्त उसे दो दिन पूर्व कार में डालकर जबरदस्ती दिल्ली ले गए। आरोप है कि वहां पर उसे एक कमरे में बंधक बनाकर रखा गया। उस पर जबरदस्ती दानिश से निकाह करने का दबाव बनाया जा रहा था। मना करने पर उसके साथ मारपीट करते थे और जान से मारने की धमकी देते थे।
बुधवार को किसी तरह वह उनके चंगुल से निकलकर खेकड़ा थाने पहुंची। किशोरी के पिता ने आरोप लगाया कि उसकी बेटी को पड़ोस के सपा युवजन सभा के ब्लाक अध्यक्ष शमशाद की बेटी घर से बुलाकर ले गई थी। उसके बाद वह नहीं लौटी। बुधवार को बेटी के पहुंचने पर घटना का पता चला।
उन्होंने खेकड़ा थाने पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। खेकड़ा थाना प्रभारी सुबोध कुमार यादव का कहना है कि किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया है। अभी तक मेडिकल रिपोर्ट नहीं मिली है।