बड़ौत । बावली गांव में वर्चस्व की जंग को लेकर किसानों के दो गुटों में जमकर पथराव, लाठी-डंडे चले और फायरिंग हुई। इसमें दोनों पक्षों के एक महिला समेत छह लोग घायल हो गए हैं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। दोनों ही पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई। इस घटना के बाद गांव में तनाव की स्थित बनी हुई है।
घायलों में एक पक्ष के अशोक पुत्र फेरू और निखिल पुत्र अशोक, दूसरे पक्ष के देवेंद्र पुत्र रामचंद्र, उषा पत्नी देवेंद्र, दीपक और शनि पुत्र देवेंद्र बावली गांव के रहने वाले हैं। ग्रामीणों के अनुसार अशोक और देवेंद्र पक्ष में एक साल पहले गहरी दोस्ती थी और दोनों की पड़ोसी भी हैं, लेकिन दोनों के बीच वर्चस्व को लेकर दुश्मनी हो गई और दोनों ही एक-दूसरे के खून के प्यासे हो गए।
मंगलवार को देर शाम अशोक और देवेंद्र अपने खेत से अनाज और भूसा लेकर अपने घर आए थे, तो इसी दौरान दोनों पक्षों में किसी बात को लेकर कुछ कहासुनी हो गई और देखते-देखते दोनों पक्ष आमने सामने आ गए। दोनों ओर से पथराव होने लगा और लाठी-डंडे चलने लगे। इससे दोनों पक्षों के एक महिला समेत छह लोग घायल हो गए। इस दौरान दोनों पक्षों में आमने-सामने गोलियां भी चली। गोलियों की आवाज सुनकर गांव में दहशत फैल गई और लोग अपने घरों में जा घुसे। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस गांव में पहुंची और लड़ रहे दोनों पक्षों को अलग-अलग किया।
पुलिस दोनों पक्षों के घायलों को सीएचसी लेकर पहुंची और उन्हें भर्ती कराया। इस संबंध में दोनों ही पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाली प्रभारी वीके सिंह ने बताया दोनों पक्षों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और दोनों पक्षों के घायलों को हिरासत में ले लिया है।