बागपत के बड़ौत के बिजरौल और बड़ौत के बीच कुटी के पास पांच हथियारबंद बदमाशों ने कई राहगीरों के साथ लूटपाट की। इसी दौरान दिल्ली से कार से टीकरी जा रहे एक व्यक्ति को बदमाशों ने रोकने की कोशिश की। इसी दौरान कार सवार ने बचाव में लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली चला दी, इससे एक बदमाश घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन कोई बदमाश हाथ नहीं लगा।
सोमवार की रात में सशस्त्र बदमाशों ने बिजरौल और बड़ौत के बीच कई राहगीरों के साथ जमकर लूटपाट की। इसी दौरान दिल्ली से कार में सवार होकर टीकरी जा रहे महेश नामक व्यक्ति को बदमाशों ने रोक कर लूटने की कोशिश की। इस दौरान उसने लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली चला दी। एक गोली बदमाश के पैर में लगी। साथी के घायल होते ही बदमाश भाग निकले। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र में बदमाशों को तलाश किया, लेकिन पुलिस को कामयाबी नहीं मिली। पीड़ित महेश ने बताया बदमाशों ने कई लोगों के साथ लूटपाट की है, लेकिन उनके नाम पता के बारे में जानकारी नहीं मिल सकी है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी मुकेश कुमार ने कहा अभी इस संबंध में कोई रिपोर्ट दर्ज कराने नहीं आया है। फिर भी वे मामले को दिखवा रहे हैं।
राज मिस्त्री से लूट
चांदीनगर (बागपत)। क्षेत्र के सिंगौली के जंगल में बाइक सवार तीन बदमाशों ने सोमवार की रात में राज मिस्त्री को पेट्रोल लेने के बहाने रोक कर मारपीट की और तमंचे के बल पर एक हजार की नगदी, बाइक और मोबाइल लूट लिया। पीड़ित ने वारदात की पुलिस से शिकायत की । गाजियाबाद के गांव बंथला निवासी राज मिस्त्री नन्ने सिंगौली गांव के देवेंद्र सिंह के मकान में कार्य कर रहे हैं। राज मिस्त्री सोमवार की रात में करीब आठ बजे काम पूरा करने के बाद अपने घर बाइक से जा रहे थे। जैसे ही सिंगौली गांव के जंगल में ट्यूबवेल के पास पहुंचे, वहां पर पहले से ही बाइक के साथ तीन बदमाश खड़े थे। बदमाशों ने पेट्रोल मांगने के बहाने राजमिस्त्री को रोका और बोले हमारी बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया है। बाइक के रुकते ही बदमाशों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। तमंचे के बल पर एक हजार रुपये नगद, बाइक और मोबाइल लूट कर ले गए। इसके बाद बदमाश रिपोर्ट दर्ज कराने पर जान से मारने की धमकी देकर चले गए। पीड़ित ने रात में लूटपाट की सूचना चांदीनगर पुलिस को दी। थाना प्रभारी देवेंद्र बिष्ट ने कहा लूटपाट करने वालों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
क्रेशर मालिक से 15 हजार लूटे
खेकड़ा। क्षेत्र के ग्राम बसी के जंगल में स्थित गन्ना क्रेशर पर रात के समय पहुंचे तीन बदमाश क्रेशर मालिक से तमंचों के बल पर 15 हजार रुपये एवं मोबाइल लूटकर फरार हो गए। पीड़ित ने खेकड़ा थाने पर पहुंच अज्ञात में बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है।
खेकड़ा क्षेत्र के ग्राम बसी के जंगल में स्थित गन्ना क्रेशर रमाला निवासी सतबीर ठेकेदार ने ठेके पर ले रखा है। सोमवार की रात ठेकेदार सतबीर एवं अन्य मजदूर गन्ने की पेराई कर गुड़ बनाने में जुटे हुए थे। रात करीब 12 बजे तमंचों से लैस तीन बदमाश वहां पहुंचे। बदमाशों ने तमंचों के बल पर ठेकेदार और मजदूरों से 15 हजार रुपये व एक मोबाइल लूट लिए। शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए बदमाश जंगल की ओर फरार हो गए। पीड़ित ठेकेदार सतबीर ने मंगलवार सुबह थाने पहुंच अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी। पुलिस जांच पड़ताल करने में जुटी है।