जिवाना में पंचायत में लोगों से वार्ता करते बिनौली थाना प्रभारी रणवीर सिंह।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
थाना क्षेत्र के एक गांव में 12वीं की छात्रा से रेप का प्रयास करने और मकान में अश्लील और धमकी भरे खत डालने के आरोपी नहीं पकड़ने जाने पर मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में गांव में रविवार को पंचायत हुई।
पंचों ने कहा पुलिस ने एक सप्ताह में आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया तो सड़कों पर उतरकर आंदोलन होगा। इससे गांव में तनाव की स्थिति बनी है। पुलिस ने गांव में पहुंचकर लोगों को आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया।
छात्रा के पिता ने पुलिस को बताया था गांव का विशेष समुदाय का एक युवक उसकी बेटी पर गलत नजर रखता है। आरोपी ने कुछ दिन पहले घर में घुसकर दुष्कर्म का प्रयास किया। उस समय उसे पकड़ लिया था, लेकिन धमकी देता हुआ आरोपी भाग गया था। आरोपी अपने एक साथी के साथ मिलकर उनके मकान में अश्लील और धमकी भरे खत डाल रहा है।
इससे उनका परिवार दहशत में है। उनकी बेटी का स्कूल जाना छूट गया है। इस मामले में आरोपी भोल्लर और नवाजिश के खिलाफ 17 अगस्त को बिनौली थाना पर रिपोर्ट दर्ज हुई थी।
आरोप है पुलिस ने अभी तक आरोपी युवकों को गिरफ्तार नहीं किया। आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और धमकी दे रहे हैं। इस मामले में गांव और क्षेत्र के लोगों ने रविवार को गांव में पंचायत की। अल्टीमेटम दिया एक सप्ताह में आरोपी नहीं पकड़े तो आंदोलन होगा।
इसमें राधेश्याम, मनीष विश्वकर्मा, रोहताश, सत्यपाल, सुनील आदि रहे। इसका पता चलते ही बिनौली थाना प्रभारी रणवीर यादव पुलिस टीम के साथ पंचायत में पहुंचे। उन्होंने आश्वासन दिया आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।