बागपत। जिला अस्पताल में भर्ती बुखार से पीड़ित नर्सिंग की छात्रा को नशे का इंजेक्शन लगाकर 15 अक्तूबर की रात में वार्ड ब्वॉय यतेंद्र शर्मा उर्फ भूरा व प्रशिक्षु फार्मेसिस्ट दिलशाद ने सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा। शनिवार को पीड़ित छात्रा की अस्पताल से छुट्टी कर दी। पीड़ित परिवार ने गांव जाने से इंकार कर दिया था। अब पीड़ित परिवार कमरा किराये पर लेकर रह रहा है। पीड़ित छात्रा अभी तक घटना को भुला नहीं पाई है। वह अभी भी सदमे में है। छात्रा ने कॉलेज जाने से भी इंकार कर दिया। पीड़ित के भाई ने बताया कि परिवार घटना को भुलाने का प्रयास कर रहा है। परिवार का एक सदस्य हर समय उसके पास रहता है। पढ़ाई शुरू करने के लिए उसे समझाने की कोशिश कर रहे हैं।