युवक को जहरखुरानी गिरोह ने बनाया शिकार
बड़ौत (बागपत)। दिल्ली-शामली रेल मार्ग पर दिल्ली से हरिद्वार जा रही ट्रेन में जहर खुरानी गिरोह ने एक युवक को शिकार बना लिया। चाय में नशीला पदार्थ पिलाकर उससे 22 हजार रुपये की नगदी लूट ली। जीआरपी ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया।
जहर खुरानी गिरोह का शिकार हुआ अमरीश पुत्र सुरेंद्र जनपद मेरठ के थाना सरधना में कपसाड़ का रहने वाला है। अमरीश के परिवार में शादी थी। शादी के बाद वह अपने दोस्त को दिल्ली हवाई अड्डे पर छोड़कर रविवार को ट्रेन से लौट रहा था। दिल्ली से हरिद्वार जा रही ट्रेन से आ रहा था। रास्ते में ट्रेन में सवार दो युवकाें ने उसे चाय में नशीला पदार्थ पिला दिया, जिससे वह बेहोश हो गया। बड़ौत रेलवे स्टेशन पर उसे कुछ यात्रियों ने उतारा और जीआरपी थाने ले गए। जीआरपी ने उसे सीएचसी पर भर्ती कराया। होश मेें आने पर उसने बताया कि जहरखुरानी गिरोह के दो युवकों ने उससे 22 हजार की नकदी लूट ली है। उसने बताया कि वह नोएडा में निजी कंपनी में काम करता है। शादी के बाद वह अपने दोस्त को दिल्ली हवाई अड्डा पर छोड़कर लौट रहा था।