बेगमाबाद गढ़ी में मिली लापता गीता की लोकेशन
बड़ौत। बीएसएफ जवान की लापता पत्नी गीता तोमर का अभी तक कहीं पता नहीं चल सका है। मोबाइल से उसकी लोकेशन पहले हरियाणा और उसके बाद बेगमाबाद गढ़ी तक मिल रही है। पुलिस उसका पता लगाने में जुटी है, जबकि उसका परिवार और बच्चे उसकी बरामदगी के लिए दुआएं कर रहे हैं। उधर, क्षेत्र के लोगों ने काफी संख्या में कोतवाली पहुंचकर महिला की बरामदगी की मांग की।
बुधवार देर रात से बीएसएफ जवान रूपेंद्र की पत्नी गीता तोमर रामबाग कालोनी स्थित अपने आवास से लापता हो गई थी। बृहस्पतिवार को उसके पति ने अपहरण की आशंका जताते हुए उसकी रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने उसके मोबाइल की कॉल डिटेल निकलवाई तो पहले उसकी लोकेशन हरियाणा में मिली मगर बाद में उसकी लोकेशन बेगमाबाद गढ़ी में सामने आई।
मोबाइल के दोनों ही सिम बंद हैं। पुलिस कॉल डिटेल के आधार पर उसका पता लगाने में जुटी है। मां का पता न लगने पर उसकी बेटी, बेटा और परिवार के अन्य लोग उसकी सकुशल बरामदगी की दुआएं मांग रहे है। पुलिस ने शक के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ करने में जुटी है। सीओ रामानंद कुशवाह ने बताया कि लापता महिला का शीघ्र पता लगा लिया जाएगा। पुलिस को कुछ सुराग भी हाथ लगे है। उन्हें गोपनीय रखा जा रहा है। दूसरी ओर, कुछ लोगों ने कोतवाली पहुंचकर हंगामा किया और गीता तोमर को बरामद करने की मांग की। इस पर एसएसआई हेमेंद्र बालियान ने बताया कि कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है और जहां भी मोबाइल की लोकेशन मिली है। वहां पर पुलिस की टीम भेजी गई है। शीघ्र महिला को बरामद किया जाएगा।