शहर की झंकार गली में शुक्रवार की रात में चोर मकान के ताले तोड़कर नगदी सहित दो लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए। मकान मालिक ने चोरों के खिलाफ तहरीर दी।
झंकार गली बागपत निवासी राजू पुत्र ब्रहम सिंह की राष्ट्र वंदना चौक पर कन्फेक्शनरी की दुकान है। उसने बताया कि शुक्रवार की शाम उसकी पत्नी सीमा की तबियत खराब हो गई। वह पत्नी को दिल्ली चिकित्सक के पास ले गया था। घर पर ताला लगा हुआ था। शनिवार की सुबह घर वापस आया तो ताले टूटे मिले और अंदर से सामान गायब मिला। रात्रि में चोर मकान खंगालकर ले गए। चोर घर से 20 हजार रुपये की नगदी, सोने और चांदी के जेवरात सहित दो लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए। उसने कोतवाली में चोरों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी रमाकांत ने बताया कि जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई होगी।