दोघट (बागपत)। निरपुड़ा गांव निवासी सतपाल पुत्र बारू की मैन बाजार में कपड़े की दुकान है। उन्होंने बताया कि शनिवार को शाम के समय दुकान बंद कर घर गया । रविवार की सुबह दुकान पर आया तो ताले टूटे थे और अंदर से सामान बिखरा था। दुकान में से चोर करीब दो हजार रुपये की नगदी सहित 40 हजार रुपये के कपड़े चुराकर ले गए। चोरों ने सतपाल की दुकान के बराबर में नीटू और अंकित की दुकानों के ताले तोड़कर चोरी का प्रयास किया, लेकिन चोर कामयाब नहीं हो पाए। सतपाल ने अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी। चोरी की घटना से व्यापारियों में रोष व्याप्त है। व्यापारियों ने बताया कि इससे पहले भी कई बार दुकानों में चोरी हो चुकी है, लेकिन पुलिस आज तक एक भी घटना का खुलासा नहीं कर पाई। उन्होंने खुलासे की मांग की। थानाध्यक्ष अजय शर्मा ने बताया कि जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई होगी।