बड़ौत (बागपत)। नेहरू रोड से सटे शांति पुरम मोहल्ले में एक छात्र की धारदार हथियारों से हत्या किए जाने के मामले मेें पुलिस ने दो आरोपियों का न्यायालय से छठे घंटे का कस्टडी रिमांड लेकर पूछताछ की। उन्होंने बताया कि विशाल की हत्या इसलिए की थी, कहीं वह हमारे शराब के धंधे को बंद न करा दे । पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हत्या मेें प्रयुक्त छुरी व दाव बरामद किया। अभी इस मामले में दो आरोपी फरार है और वे परिवार के लोगों को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
नेहरू रोड से सटे शांति पुरम मोहल्ले में एक मकान में कमरा किराये पर लेकर रहे रहे छात्र विशाल पुत्र महक सिंह निवासी लुहारा की आठ अक्तूबर को हत्या की। इस संबंध में एसआई महक सिंह ने काला उर्फ भूपेंद्र, बिटटू और दीपक निवासी लुहारा और बदमाश मुशर्रफ निवासी सिलाना को नामजद कर रिपोर्ट कराई, लेकिन पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार नहीं कर पाई। दो आरोपी काला उर्फ भूपेंद्र व बिट्टू निवासी लुहारी पांच दिन पूर्व न्यायालय मेें पेश कर जेल चले गए थे, पुलिस ने शुक्रवार को इनका कोर्ट से छह घंटे का रिमांड लेकर पूछताछ की गई। उन्होंने बताया कि वे शराब का व्यापार करते हैं, विशाल उन्हें कई बार पकड़वा भी चुका था। कहीं वह उनका धंधा चौपट न करा दे, इसे लेकर दो अन्य साथियों के साथ उसकी हत्या की थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त छुरा व दाव बरामद किया है। उधर, पीड़ित परिवार का कहना है कि अभी इस मामले में दीपक लुहार व बदमाश मुशर्रफ सिलाना फरार हैं और वे धमकी दे रहे हैं कि समझौता नहीं किया तो जान से हाथ धोना पड़ेगा। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।